बरगी बांध में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जब टूरिस्टों से भरा एक क्रूज अचानक डूब गया। हादसे के समय क्रूज में करीब 35 से 40 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। कई अन्य लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय अचानक तेज आंधी-तूफान आ गया। उस समय क्रूज नर्मदा नदी के बैकवाटर के गहरे हिस्से में था। तेज हवा और ऊंची लहरों के चलते क्रूज संतुलन खो बैठा और कुछ ही पलों में पानी में समा गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आया। CSP अंजुल अयक मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू कराया गया। बाद में NDRF और SDRF की टीमों को बुलाकर बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
यह क्रूज मध्य प्रदेश पर्यटन निगम द्वारा संचालित किया जाता है। हादसे की जानकारी मिलते ही जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। फिलहाल रेस्क्यू टीमों की प्राथमिकता लापता लोगों को जल्द से जल्द खोज निकालना है।
इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं और खराब मौसम के दौरान पर्यटन गतिविधियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More Stories
बरगी डैम हादसा: सीने से बच्चे को चिपकाए मां ने तोड़ा दम, ममता की आखिरी तस्वीर ने रुलाया देश!
मपी कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 7 मई को किसानों के मुद्दों पर कांग्रेस करेगी चक्काजाम!
उज्जैन-नागदा में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन: ट्रेन से 26 नाबालिग बच्चे छुड़ाए, तस्करी की आशंका