मध्य प्रदेश में 29 अप्रैल का दिन पेंशनरों के लिए खास रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समग्र पेंशन योजना के तहत 33 लाख 45 हजार 231 हितग्राहियों के बैंक खातों में 200 करोड़ 71 लाख रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि सरकार समाज के निर्धन, निराश्रित, वृद्धजनों, परित्यक्ता, अविवाहिता, कल्याणी और दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि सरकार के विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। यह इस बात का संदेश है कि सरकार हर परिस्थिति में जरूरतमंदों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है और सभी पात्र लाभार्थियों तक समय पर पेंशन पहुंचाना एक सामाजिक उत्तरदायित्व है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह पेंशन राशि जरूरतमंदों के जीवनयापन में सहारा बनने के साथ-साथ उन्हें आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा भी देती है। सरकार का संकल्प है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े हर व्यक्ति तक सहायता सम्मान और पारदर्शिता के साथ पहुंचे, ताकि कोई भी नागरिक खुद को असहाय महसूस न करे।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के लिए 2 हजार 857 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कमजोर वर्गों को नियमित आर्थिक सहायता मिले और कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश के लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना के तहत 62 हजार 594 हितग्राहियों, मानसिक रूप से अविकसित एवं बहु-दिव्यांग आर्थिक सहायता योजना के तहत 77 हजार 120 हितग्राहियों तथा समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत 32 लाख 5 हजार 517 हितग्राहियों को लाभ दिया गया। इस प्रकार कुल 33 लाख 45 हजार 231 हितग्राहियों को 600 रुपये प्रतिमाह की दर से कुल 200.71 करोड़ रुपये की पेंशन राशि प्रदान की गई।

More Stories
इटारसी को अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत!
भोपाल में अतिथि शिक्षकों का हल्लाबोल; सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप!
भिंड में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर बस ने 2 बाइकों को रौंदा, 3 युवकों की मौके पर मौत!