V India News

Web News Channel

इटारसी को अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत!

इटारसी रेलवे स्टेशन को बड़ी सौगात मिली है। अयोध्या धाम से मुंबई और बनारस से पुणे के लिए शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस अब इटारसी होकर भी गुजरेगी। बुधवार को ट्रेन के इटारसी पहुंचने पर स्टेशन पर उत्साह का माहौल रहा, जहां स्थानीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस दौरान राज्यसभा सांसद माया नारोलिया सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस नई ट्रेन सेवा से जबलपुर रेल मंडल के सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन से यात्रियों को बेहतर गति, आधुनिक कोच, उन्नत सुविधाएं और अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यह सेवा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क को और मजबूत करेगी।

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि अयोध्या–लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि विकास की नई जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लाखों मजदूरों, व्यापारियों और आम यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा तथा राज्यों के बीच आवागमन और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।

यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सांसद ने प्रमुख स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लंबी कतारों से राहत देने और टिकट व्यवस्था को सरल बनाने के लिए यह कदम जरूरी है।

वहीं, रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने इटारसी स्टेशन पर बढ़ रही अवैध वेंडरिंग और उससे जुड़ी आपराधिक गतिविधियों पर चिंता जताई। उन्होंने डीआरएम पंकज त्यागी से कहा कि स्टेशन परिसर में अवैध वेंडरों की वजह से लड़ाई-झगड़े, गैंगवार और गुंडागर्दी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है।

उन्होंने अवैध वेंडरिंग पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने और स्टेशन परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की मांग की। इटारसी देश के प्रमुख रेलवे जंक्शनों में शामिल है, जहां प्रतिदिन करीब 150 ट्रनों का आवागमन होता है और लगभग 5000 यात्री रोजाना सफर करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण स्टेशन पर अवैध गतिविधियां गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं।