मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। ऊमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुरा स्टेट हाईवे पर तेज रफ्तार स्लीपर कोच बस ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा किशोर सिंह के पुरा के पास हुआ, जहां चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने दोनों बाइकों को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ऊमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को डायल 112 की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे बाद में ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
ऊमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि बस चालक को हिरासत में लेकर बस को जब्त कर थाने में खड़ा करा दिया गया है। मृतकों की पहचान खेरौली निवासी रामकेश बघेल, जबकि मोहित और आशुतोष बघेल निवासी मुरैना के रूप में हुई है। घायल युवक अमित, भिंड के मेहगांव क्षेत्र के खेरौली गांव का रहने वाला है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोहित और आशुतोष रिश्तेदारी में खेरौली आए हुए थे। वहां से वे रामकेश और अमित के साथ दो बाइकों पर कहीं जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शी पप्पू सिंह ने बताया कि इन दिनों हाईवे पर सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। पहले नेशनल हाईवे 719 पर लगातार हादसे हो रहे थे, लेकिन अब स्टेट हाईवे भी सुरक्षित नहीं रह गया है।
फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चुरी में भिजवा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

More Stories
जनसुनवाई में गरमाया माहौल: कलेक्टर और बिजली अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस!
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर होगी शुरू!
तिरुमला में केश दान का नया कीर्तिमान, 27 दिनों में 12.43 लाख श्रद्धालुओं ने अर्पित किए बाल!