मध्य प्रदेश के सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुड़ा के पास स्थित एक क्रशर की खदान में नहाने गए युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। खदान के गहरे पानी में नहाते समय 3 युवक डूब गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कुल 7 दोस्त एक साथ खदान में नहाने पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाने के दौरान अचानक तीन युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
शुक्रवार रात से ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। SDRF टीम को भी बुलाया गया, जिसने सर्चिंग अभियान चलाकर पहले अभिषेक उर्फ अध्धा (20 वर्ष), निवासी कैंट क्षेत्र का शव बरामद किया। वहीं दो अन्य युवक तनिश कोरी (19 वर्ष) और तेजराम पटेल (20 वर्ष) लापता थे।
शनिवार 25 अप्रैल को दोबारा SDRF और प्रशासन ने सर्चिंग अभियान तेज किया, जिसमें तनिश कोरी और तेजराम पटेल के शव भी बरामद कर लिए गए। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सागर जिले के गुड़ा ग्राम में युवकों के डूबने की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की है।

More Stories
भिंड में भीषण सड़क हादसा: स्लीपर बस ने 2 बाइकों को रौंदा, 3 युवकों की मौके पर मौत!
इंदौर में सिपाही ने फांसी लगाकर जान दी, दिल्ली पुलिस में हुआ था चयन!
रील बनाने के दौरान नहर में बह गईं तीन बच्चियां, 6 घंटे बाद दो के शव मिले, एक की तलाश जारी