मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक शादी की खुशियां उस समय तनाव और हड़कंप में बदल गईं, जब दूल्हे को शादी से ठीक पहले एक अनजान युवक का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताते हुए शादी न करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने दुल्हन के साथ अपने कथित निजी रिश्तों के सबूत भेजकर दूल्हे पर शादी तोड़ने का दबाव बनाया। अब पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, रांझी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर निवासी अजीत यादव की शादी बरेला निवासी महक यादव के साथ तय हुई थी। 2 नवंबर 2025 को तिलक समारोह संपन्न हुआ था, जबकि 20 अप्रैल 2026 को शादी की तारीख तय की गई थी। परिवार ने शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। टेंट, बैंड-बाजा, भोजन और बस बुकिंग समेत करीब डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च किए जा चुके थे।
इसी बीच 10 अप्रैल की रात करीब 9:23 बजे अजीत के मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने अपना नाम सचिन विश्वकर्मा बताया और कहा कि महक उसकी प्रेमिका है। उसने अजीत से साफ शब्दों में कहा कि अगर उसने महक से शादी की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
अजीत का आरोप है कि सचिन ने कुछ तस्वीरें और वॉइस रिकॉर्डिंग भी भेजीं, जिनमें उसने महक के साथ प्रेम संबंध और शारीरिक संबंध होने का दावा किया। यहां तक कि गर्भपात तक की बात भी कही गई।
जब अजीत ने यह बात अपने परिवार और लड़की पक्ष को बताई, तो दोनों परिवारों के बीच पंचायत बुलाई गई। अजीत के अनुसार, महक ने सचिन को अपना ‘दोस्त’ बताया और कहा कि वह शादी के बाद भी उससे बात करती रहेगी। इस बात पर अजीत के परिवार ने आपत्ति जताई और शादी से इनकार कर दिया।
इसके बाद मामला और उलझ गया। अजीत का आरोप है कि लड़की पक्ष ने पहले शादी में हुए खर्च की भरपाई की बात कही, लेकिन बाद में माढोताल थाने में उसके और परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और शारीरिक शोषण की शिकायत दर्ज करा दी। साथ ही 5 लाख रुपये की मांग भी की गई।
पीड़ित अजीत यादव अब एसपी कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। उसका कहना है कि उसके पास सभी सबूत मौजूद हैं, उसे जान से मारने की धमकी मिली है और अब उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिस नंबर से कॉल आया, उसकी भी जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
इंदौर में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध, एफआईआर की मांग!
इंदौर जिला कोर्ट में फर्जी वकील होने के शक में युवक गिरफ्तार, बार एसोसिएशन के औचक निरीक्षण में खुला मामला
भोपाल में किसानों का आंदोलन समाप्त, सरकार ने 60% मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था में बदलाव का किया ऐलान!