V India News

Web News Channel

छतरपुर में 108 एंबुलेंस का दुरुपयोग, छात्रा को बैठाकर सायरन बजाते घूम रहा था चालक, नौकरी से बर्खास्त!

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। एक एंबुलेंस चालक मरीज की जगह एक कॉलेज छात्रा को बैठाकर सायरन बजाते हुए तेज रफ्तार में शहर में घूमता पाया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चालक को नौकरी से हटा दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम स्थानीय लोगों ने एक 108 एंबुलेंस को तेज गति से सायरन बजाते हुए जाते देखा। शक होने पर लोगों ने उसका पीछा कर एंबुलेंस को रुकवाया। जांच करने पर पता चला कि उसमें कोई मरीज नहीं था, बल्कि एक युवती बैठी हुई थी।

पूछताछ के दौरान चालक की पहचान भगत सिंह यादव के रूप में हुई। उसने युवती को अपनी बहन बताकर मामला टालने की कोशिश की, लेकिन उसका नाम तक सही से नहीं बता सका। इससे लोगों का शक और गहरा गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस संचालन कंपनी हरकत में आई।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. आरपी. गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 108 एंबुलेंस सेवा अधिकारियों से जवाब तलब किया है और जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, एंबुलेंस संचालन करने वाली कंपनी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर चालक भगत सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।