V India News

Web News Channel

शिवपुरी थार मामला: भाजपा विधायक के बेटे पर FIR दर्ज, 5 लोग हुए थे घायल!

शिवपुरी जिले की करैरा तहसील में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया. जहां तेज रफ्तार थार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी. जानकारी के अनुसार, पिछोर विधानसभा से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी लापरवाही से वाहन चला रहे थे. इसी दौरान उनकी थार ने बाइक सवार तीन मजदूरों और पैदल जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सभी पांच लोग घायल हो गए.

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया.

क्या है पूरा मामला

जानकारी के अनुसार, मामला थाना करैरा क्षेत्र में हुआ जहां फरियादी संजय परिहार निवासी ग्राम संहेड़ा जिला दतिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई और बताया कि संजय अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक से थनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे. उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं, इसी दौरान थाने के सामने पीछे से तेज गति में आई काले रंग की थार रॉक्स कार ने पहले बाइक को और फिर पैदल चल रही दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी. हादसे में सभी पांच लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए.

थार की टक्कर से इन लोगों को आई चोट

बता दें कि घटना में संजय, आशीष और अंशुल को हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोटें आई हैं. मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और मदद पहुंचाई. घायल आशीष परिहार और अंशुल परिहार का कहना है कि गाड़ी विधायक पुत्र दिनेश लोधी चला रहे थे. गाड़ी पर आगे ‘प्रीतम लोधी’ और पीछे ‘MLA’ लिखा हुआ था.

पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

बता दें कि वहीं एक वीडियो में विधायक पुत्र दिनेश लोधी घायलों से ये कहते हुए नजर आ रहे है कि उन्होंने सायरन बजाया और हॉर्न भी बजाया फिर क्यों नहीं हटे, तीन सवारियों को बैठाकर बाइक लहराकर क्यों चला रहे थे. बताया जा रहा है कि दिनेश लोधी इन दिनों करैरा विधानसभा क्षेत्र में सक्रियता बढ़ाने के लिए करैरा में ही रह रहे हैं. घटना के समय वह जिम जाने के लिए निकले थे, तभी यह हादसा हो गया. पुलिस ने इस मामले में दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत धारा 281, 125(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.