V India News

Web News Channel

उज्जैन में अवैध मांस कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार!

महाकाल थाना पुलिस ने अवैध रूप से मवेशी काटकर मांस बेचने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने बताया कि सर्कल भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोट मोहल्ला स्थित बम्बईया गली में हाजी मुस्तकीम और उसका भाई वसीम उर्फ बम्बईया अवैध रूप से मवेशी काटकर मांस बेच रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए थे लेकिन बाद में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

मौके से पुलिस ने एक मवेशी के कटे अंगों के साथ दो जीवित पाड़े और एक पाड़ी, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, लोहे के बाट, धारदार बक्का और छुरी सहित अन्य सामग्री जब्त की है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिलाबदर की कार्रवाई भी की जा रही है।