पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाबू कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही 19 वर्षीय बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा पुष्पा अहिरवार का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ग्राम पुरैना निवासी विकास अहिरवार, जो वर्तमान में सागर में रहकर पढ़ाई कर रहा है, पुष्पा को लगातार फोन कर परेशान करता था। इसको लेकर पहले भी दोनों परिवारों के बीच विवाद हो चुका था। मृतका के भाई बृजेश अहिरवार ने बताया कि गुरुवार शाम उन्हें कॉल के माध्यम से बहन की तबीयत खराब होने की सूचना मिली। जब वे राजा बाबू कॉलोनी स्थित मकान पहुंचे, तो उन्होंने पुष्पा को फंदे पर लटका हुआ पाया। परिजनों ने आशंका जताई है कि फोन पर हुए किसी विवाद के चलते छात्रा ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। कोतवाली पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यदि युवक द्वारा परेशान किए जाने की जानकारी पहले से थी, तो इसकी शिकायत पहले क्यों नहीं की गई। इस संबंध में परिजनों से भी पूछताछ जारी है।
परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने युवती का मोबाइल जब्त कर लिया है। साइबर सेल की मदद से कॉल डिटेल खंगाली जा रही है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
शिवपुरी थार मामला: भाजपा विधायक के बेटे पर FIR दर्ज, 5 लोग हुए थे घायल!
सिंगरौली: हथियारबंद बदमाशों का बैंक पर धावा, कर्मचारियों को बंधक बनाकर लाखों की लूट!
भोपाल: प्रेम में टूटा भरोसा, इंजीनियर युवती ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में बयां हुआ दर्द!