V India News

Web News Channel

भिंड के सेवानिवृत्त सूबेदार ने आत्मदाह की धमकी दी, जाने क्या है वजह?

भिंड के रिटायर्ड सूबेदार हरिदास दैपुरिया ने पत्नी के हत्यारों की गिरफ्तारी न होने से आहत होकर 15 अप्रैल को परिवार सहित आत्मदाह करने की चेतावनी दी है. एक साल बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे परिवार में गहरा आक्रोश है.

भिंड जिले के कल्याणपुरा गांव निवासी रिटायर्ड सूबेदार हरिदास दैपुरिया बीते एक साल से न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं. उनका कहना है कि वह 35 बार थाने और 7 बार एसपी कार्यालय जा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें यही जवाब मिलता है कि ‘जरूरत होगी तो बुला लेंगे’. बावजूद इसके अब तक मामले में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है.

दरअसल, 15 अप्रैल 2025 की सुबह उनकी पत्नी सुशीला देवी (62) की घर की दूसरी मंजिल पर गला दबाकर हत्या कर दी गई थी. घटना के समय दंपती घर में अकेले थे. हरिदास नीचे सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी गर्मी के चलते छत पर चारपाई पर सो रही थीं. सुबह जब वह रोज की तरह चाय लेकर नहीं आईं तो हरिदास ऊपर पहुंचे, जहां पत्नी का शव चारपाई पर पड़ा मिला.

घटना के बाद घर से नकदी और जेवर भी गायब पाए गए. परिवार के मुताबिक, पोती की शादी के लिए रखे करीब 10 लाख रुपए में से साढ़े चार लाख रुपए और लगभग 30 तोला सोना-चांदी बदमाश ले गए. इससे यह सवाल खड़ा हो गया कि मामला केवल चोरी का है या सुनियोजित हत्या का.

परिवार का कहना है कि घर चारों ओर से खेतों से घिरा है और आसपास आबादी कम है. ऐसे में आरोपियों का छत तक पहुंचना और फिर फरार हो जाना कई सवाल खड़े करता है. क्या उन्हें घर की पूरी जानकारी थी? क्या यह अंदरूनी जानकारी का मामला है? इन सवालों के जवाब अब तक नहीं मिल सके हैं.

हरिदास का आरोप है कि शुरुआती दिनों में पुलिस ने सक्रियता दिखाई, लेकिन समय के साथ जांच धीमी पड़ गई. अब स्थिति यह है कि परिवार को न्याय की उम्मीद टूटती नजर आ रही है. इसी को लेकर पूर्व सैनिक संगठन भी मैदान में उतर आया है. संगठन ने 15 अप्रैल को एसपी कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है.

वहीं, देहात थाना प्रभारी मुकेश शाक्य का कहना है कि मामला गंभीर है और पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है. हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. मामले को हमने गंभीरता पूर्वक लिया है. मामले की संघन जांच के लिए एसआईटी गठित की है. जल्द हत्यारे सलाखों के पीछे होंगे.