मध्यप्रदेश के उज्जैन में सड़क निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत के बाद शनिवार को हालात तनावपूर्ण हो गए. घटना से आक्रोशित परिजनों और समाजजनों ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर आगर रोड पर चक्काजाम कर दिया. मुख्य मार्ग पर करीब पौन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे अफरा‑तफरी की स्थिति बन गई. उज्जैन में सिंहस्थ के मद्देनजर कोयला फाटक से निजातपुरा सड़क चौड़ीकरण कार्य चल रहा है, इसी दौरान हादसा हुआ.
सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान हुआ हादसा
सिंहस्थ 2028 को देखते हुए कोयला फाटक से निजातपुरा तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है. इसी दौरान शुक्रवार को राकेश सूर्यवंशी (42) निवासी ग्राम खड़ोतिया, इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन से पाइप रिपेयरिंग का काम कर रहे थे. तभी वे अचानक करंट की चपेट में आ गए. गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
रात में थाने पहुंचे परिजन, कार्रवाई न होने पर भड़का आक्रोश
हादसे के बाद रात में मृतक के परिजन ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली थाने पहुंचे थे, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं होने से परिजनों में नाराजगी बढ़ गई. शनिवार को शिवसेना और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं के साथ परिजनों ने चरक अस्पताल के सामने आगर रोड पर चक्काजाम कर पुलिस‑प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. करीब पौन घंटे तक चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
चक्काजाम की सूचना पर नगर निगम के अपर आयुक्त पवन सिंह, संतोष टैगोर और एसडीएम एल.एन. गर्ग मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराया.

More Stories
केरल के 13 साल पुराने हत्या-लूट केस की दो महिलाएं उज्जैन में गिरफ्तार..
उज्जैन में गैस की कालाबाजारी! खाद्य विभाग ने छापामारी कर 38 घरेलू सिलिंडर किए जब्त
महाकाल की शरण में एक्ट्रेस कनिका मान, भस्म आरती का बताया खास अनुभव!