V India News

Web News Channel

कुलदीप यादव की शादी में पहुंचे बागेश्वर बाबा, नवदंपति को दिया आशीर्वाद!

भारतीय क्रिकेट टीम के मशहूर स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधकर एक-दूसरे के हो गए। उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मसूरी के वेलकमहोटल द सेवॉय में आयोजित इस भव्य विवाह समारोह में अध्यात्म और खेल जगत का अनोखा मेल देखने को मिला।

समारोह का मुख्य आकर्षण बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) रहे, जिन्होंने विशेष रूप से पहुंचकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया। बाबा बागेश्वर ने कुलदीप को हनुमान बालाजी की पटकी पहनाई, जो सौभाग्य और सुरक्षा का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने दंपति को बालाजी का भव्य चित्र भी भेंट किया। वैदिक मंत्रों के बीच पुष्पवर्षा कर उन्होंने सुखी गृहस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

शादी में क्रिकेट जगत से कई बड़े नाम शामिल हुए, जिनमें युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, सुरेश रैना, तिलक वर्मा, मोहम्मद कैफ और भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप प्रमुख थे।

शनिवार शाम करीब 5 बजे निकली बारात में मेहमानों ने ढोल-नगाड़ों पर जोरदार नृत्य किया। रात 8 बजे वैदिक रस्मों के साथ सात फेरे पूरे हुए, जिसमें दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक वेशभूषा में बेहद आकर्षक लग रहे थे।

मेन्यू में उत्तराखंड की स्थानीय संस्कृति की झलक साफ नजर आई। मेहमानों को मंडुवे की रोटी, लाल चावल, गहत की दाल, फाणु, चैंसू, कंडाली का साग, कुमाऊंनी रायता, भांग की चटनी और झंगोरे की खीर जैसे शुद्ध पहाड़ी व्यंजन परोसे गए।

लगभग 200 विशेष अतिथियों की मौजूदगी में संपन्न इस शादी ने आध्यात्मिक और उत्सवी माहौल पैदा किया। बाबा बागेश्वर की मौजूदगी और उनके दिए उपहारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। कुलदीप और वंशिका के इस नए जीवन की शुरुआत के लिए सभी शुभकामनाएं दे रहे हैं।