V India News

Web News Channel

उज्जैन में गैस की कालाबाजारी! खाद्य विभाग ने छापामारी कर 38 घरेलू सिलिंडर किए जब्त

उज्जैन में गैस सिलिंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने शनिवार को व्यापक कार्रवाई की। विभाग की टीम ने जिले में एक दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर छापामारी करते हुए 38 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए। जब्त किए गए सिलिंडरों की अनुमानित कीमत करीब 92 हजार रुपये बताई गई है।

कई स्थानों पर की गई ताबड़तोड़ कार्रवाई

असिटेंट फूड कंट्रोलर संतोष सिमोलिया के अनुसार खाद्य विभाग की टीम ने उज्जैन के साथ-साथ तराना, महिदपुर और खाचरोद क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की। इस दौरान कई होटलों, रेस्टोरेंटों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतों के आधार पर सिलिंडरों को जब्त किया गया।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई जांच

कार्रवाई के दौरान तोपखाना और महाकाल घाटी क्षेत्र सहित कई स्थानों पर स्थित प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें मुजम्मिल जायका, होटल झम-झम, अलबेग रेस्टोरेन्ट, नीलकंठधारी, हब्बु शब्बु मिठाई की दुकान, रशीदा बेन्जो हाउस, राधा रानी भोजनालय, जैन श्री भोजनालय, रूद्राक्ष रेस्टोरेन्ट, महाकाल नाश्ता, देवास रोड स्थित श्री रामानन्द रेस्टोरेन्ट, होटल फोजी पालखन्दा, सात्विक रेस्टोरेन्ट, तुलसी ढाबा, खाना खजाना, ज्युस सेन्टर तराना, श्री माहेश्वरी स्विट्स, श्री मिष्ठान, जय श्री महाकाल टी स्टाल खाचरोद, स्वतिक होटल, श्री बजंरग स्वीट्स, दुर्गा महाराणा महिदपुर, चितावद फन्टा, श्री राम टी-स्टाल महिदपूर और हरीओम रेस्टोरेन्ट सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे।

पीएनजी सप्लाई को लेकर कंपनी का बयान

अवंतिका गैस लिमिटेड कंपनी के मीडिया प्रबंधक सुमित कुमार ने बताया कि एलपीजी गैस के कमर्शियल सिलिंडरों को लेकर भले ही उपभोक्ताओं को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ रहा हो, लेकिन पीएनजी पाइपलाइन सप्लाई में फिलहाल किसी प्रकार का संकट नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पीएनजी के दाम बढ़ने की संभावना भी बेहद कम है।

उज्जैन में पीएनजी कनेक्शन और मौजूदा दरें

सुमित कुमार के अनुसार उज्जैन में पीएनजी के घरेलू गैस कनेक्शन लगभग 30 हजार हैं, जबकि व्यवसायिक पीएनजी कनेक्शन 100 से अधिक हैं। वर्तमान में घरेलू पीएनजी की कीमत 54 रुपये प्रति एससीएम है। वहीं उद्योगों के लिए पीएनजी 61.51 रुपये प्रति एससीएम और व्यवसायिक उपभोक्ताओं के लिए 65.89 रुपये प्रति एससीएम है। इसके अलावा सीएनजी की कीमत 93.5 रुपये प्रति किलो बताई गई है।