V India News

Web News Channel

पूर्व गृहमंत्री के बेटे ने नशे में बीच सड़क काटा बवाल!

कोरबा: पूर्व गृहमंत्री के बेटे संदीप कंवर पर नशे में हंगामा मचाने की शिकायत है. घटना बुधवार के दोपहर इतवारी बाजार की बताई जा रही है. शिकायत के मुताबिक नशे की हालत में संदीप ने जमकर उत्पात मचाया. पूर्व विधायक के नेम प्लेट वाले वाहन से एक दुकान को टक्कर मारी और फिर दुकानदार के साथ मारपीट और गाली-गलौज भी की. विवाद थाने में पहुंचा तो पुलिस के सामने भी जमकर हंगामा किया. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के अनुसार, संदीप कंवर नशे में धुत होकर वाहन चला रहे थे. इतवारी बाजार के पास ये वाहन अनियंत्रित होकर एक दुकान से भिड़ गया, हादसे के बाद जब पीड़ित पक्ष ने विरोध किया, तो संदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मामला मारपीट तक पहुंच गया. एक जानकारी यह भी है कि पीड़ित की बेटी पुलिस विभाग में ही आरक्षक के पद पर पदस्थ है. घटना के बाद पुलिस संदीप कंवर को कोतवाली थाने लेकर आई. थाने के भीतर भी पुलिसकर्मियों और पीड़ित पक्ष के सामने जमकर हंगामा हुआ. पुलिस की मौजूदगी में भी गाली-गलौज और विवाद जैसी स्थिति बनी.

घटना के बाद थाने से गाड़ी ली और फरार

जानकारी के अनुसार घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई थी. पुलिस पहुंची, पीड़ित और आरोपी दोनों को ही थाने लाया गया. यहां से संदीप कंवर भी थाने पहुंचे थे. जिन पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की तैयारी थी. लेकिन इसी दौरान संदीप ने थाने में हंगामा शुरू कर दिया. पुलिस के कब्जे से ही अपने वाहन की चाबी ली और इसे लेकर थाने से फरार हो गए. पुलिस अब संदीप की तलाश कर रही है.