ग्वालियर। सड़क पर फर्राटा भरता कंटेनर और इसके आगे फंसी कार। जिसमें तीन जिंदगियां…ईश्वर से प्रार्थना कर रही थीं। सन्नाटे को चीरती हुईं आवाजों के बीच टायरों से चिंगारियां निकल रही थीं। इस दौरान न सिर्फ कार सवार लोग बल्कि आसपास चल रहे दूसरे वाहनों के चालक भी कंटेनर रोकने के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन ड्राइवर के सिर पर कुछ अलग ही सुरूर सवार था।
यह किसी थ्रिलर फिल्म का सीन नहीं बल्कि ग्वालियर-डबरा हाईवे पर आंतरी के पास शनिवार शाम की घटना है। जहां एक कंटेनर के सनकी ड्राइवर ने कार को टक्कर मारी और फिर उसे करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते ले गया। रोंगटे खड़े कर देने वाली इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है।
दरअसल कार एमपी (07 जेडसी 9779) ज्योत्सना ढोहलिया के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसमें सवार तीन लोग ओरछा से ग्वालियर की ओर जा रहे थे। टेकनपुर क्षेत्र में आंतरी के पास पीछे से पहुंचे कंटेनर आरजे 11 जीसी 2456 ने कार में कट मारी, जिससे कार उसके सामने आड़ी हो गई। इसके बाद कंटेनर चालक ब्रेक लगाने की बजाय उसे करीब डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया। बाद में खंती में गिराकर भाग निकला।
पुलिस ने बिलौआ क्षेत्र में घेराबंदी कर कंटेनर चालक को पकड़ लिया। वहीं कार सवार लोग सीधे घर चले गए। रविवार को पुलिस ने उनसे संपर्क किया, लेकिन शाम तक थाने नहीं पहुंचे, जिस कारण एफआईआर नहीं हो पाई। कंटेनर चालक पवन गुर्जर ग्वालियर का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने कहा कि हादसे के बाद वह डर गया था। उसे लगा कंटेनर रोकेगा तो लोग पीटेंगे।

More Stories
जनसुनवाई में गरमाया माहौल: कलेक्टर और बिजली अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस!
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर होगी शुरू!
तिरुमला में केश दान का नया कीर्तिमान, 27 दिनों में 12.43 लाख श्रद्धालुओं ने अर्पित किए बाल!