उज्जैन; श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को वितरित किए जाने वाले श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद को लेकर सोशल मीडिया पर एक भ्रामक वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रसाद की गुणवत्ता पर सवाल उठाने वाले वीडियो को निराधार बताते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार वायरल वीडियो में लड्डू टूटे हुए दिखाकर यह प्रचार किया गया कि प्रसाद ग्रहण करने से स्वास्थ्य खराब हो सकता है। समिति ने स्पष्ट किया कि श्रीअन्न रागी लड्डू रागी आटा (मिलेट), गुड़ और शुद्ध घी से निर्धारित गुणवत्ता मानकों एवं पूर्ण स्वच्छता के साथ तैयार किए जाते हैं। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ इस प्रसाद को ग्रहण करते हैं।
समिति ने बताया कि वीडियो में जानबूझकर प्रसाद को बिखेरकर दिखाया गया, जबकि उसी वीडियो में अन्य पैकेट में लड्डू व्यवस्थित नजर आ रहे हैं। इससे स्पष्ट होता है कि वीडियो मंदिर की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की मंशा से प्रसारित किया गया।
ज्ञात हो कि दीपोत्सव महापर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा इस स्वास्थ्यवर्धक श्रीअन्न रागी लड्डू प्रसाद का शुभारंभ किया गया था, जिसे श्रद्धालुओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। रागी से बना यह प्रसाद कैल्शियम, आयरन और फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है। मंदिर प्रबंध समिति ने वीडियो वायरल करने वाले उज्जैन निवासी रोशन यादव के खिलाफ महाकाल थाना में प्रकरण दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More Stories
दुबई में फंसे महाकाल मंदिर के पुजारी, परिवार में चिंता का माहौल!
बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे पूर्व उपराष्ट्रपति!
होली पर महाकालेश्वर में नहीं उड़ेगा रंग-गुलाल! होली खेलने पर लगा बैन!