उज्जैन; पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप के दर्शन किए। यहां चांदी द्वार से उन्होंने बाबा महाकाल का पूजन-अर्चन किया और उसके बाद नंदीजी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही।
महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया ने बताया कि भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर की प्रातःकालीन भस्म आरती में दर्शन लाभ लिया।
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद जगदीप धनखड़ ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भारतवर्ष में बड़ा सकारात्मक बदलाव आ रहा है और यह बदलाव हमारी हजारों वर्ष पूर्व की मानसिकता को दर्शाता है। वर्तमान में धार्मिक स्थलों का रखरखाव हो रहा है और इसका विकास किया जा रहा है जो अत्यंत ही सराहनीय कदम है यहां के प्रशासन की सुगमता लग्नशीलता से मैं प्रभावित हुआ हूं। मंदिर में सभी के साथ समानता से व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा- हम अहंकार, घृणा, बदले की भावना और ईर्ष्या से ऊपर उठें तथा जीवन में स्वस्थ और प्रसन्न रहें। मैंने देश की प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। मैं किसान परिवार से आता हूं। हमारे किसानों और सेना के जवानों का देश के प्रति त्याग अत्यंत महान है और हम उनके सदैव आभारी रहेंगे। मैं सभी के कल्याण की कामना करता हूं। इस दौरान मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल द्वारा जगदीप धनखड़ का स्वागत एवं सत्कार किया गया।

More Stories
उज्जैन-गरोठ हाईवे पर हादसा: ट्रक में घुसी कार, आर्मी जवान की मौत!
उज्जैन; मानसिक तनाव में युवक ने शिप्रा नदी में लगाई छलांग, हुई मौत!
महाकाल मंदिर के पास खुदाई में मिला प्राचीन शिवलिंग, श्रद्धालुओं में उत्साह; निर्माण कार्य रोका गया!