V India News

Web News Channel

MP के उज्जैन में घूम रहा है पागल कुत्ता, एक दिन में 40 लोगों को बनाया निशाना!

उज्जैन; महिदपुर नगर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से बुधवार को स्थिति गंभीर हो गई। यहां एक पागल कुत्ते ने टेंशन चौराहा, कीर्तनिया बाखल सहित कई इलाकों में करीब 40 लोगों को काट लिया। सभी घायलों को परिजनों और नागरिकों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में महिदपुर मेडिकल ऑफिसर डॉ. एम.एस. रामपुरे ने बताया कि कुत्ते के काटे जाने पर सभी को एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं।

नगर पालिका सीएमओ राजा यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम भेजी गई और अन्य कुत्तों पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं, जबकि नगर पालिका के टीम स्वच्छता निरीक्षक उमेश दावरे के नेतृत्व में कुत्ते को पकड़ लिया, जिसकी बाद में मौत हो गई।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार पिछले 7 दिनों मे करीब 80 और दिसंबर से अब तक 230 से अधिक डॉग बाइट के मामले सामने आए हैं। ज्ञात रहे समय पर उचित उपचार नहीं मिलने से कुत्ते के काटे मरीजों को अनेक जानलेवा बीमारियों की संभावना बनी रहती है। इस प्रकार के मरीजों को जान का खतरा भी बना रहता है। समय पर अगर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो इस प्रकार की घटनाएं भयावह रूप ले सकती हैं। इस संबंध मे संबंधित उच्च अधिकारियों को जनहित और जनसुरक्षा के सम्बंध में कार्रवाई करते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए त्वरित अति आवश्यक कदम उठाना चाहिए।

यहां भी दहशत का माहौल

नगर पालिका से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के आसपास कुत्तों के समूह विचरण कर रहे हैं, जो स्कूल में जाने वाली बालिकाओं को अपना शिकार बना रहे हैं।