लोगों की जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को दी जा रही मेडिकल ट्रेनिंग के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। एक सप्ताह में दूसरी बार खाकी वर्दीधारी ने सीपीआर देकर एक आम नागरिक की जान बचाई। यह घटना उज्जैन रेलवे स्टेशन की है, जहां ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक ने तत्परता दिखाते हुए 30 वर्षीय यात्री को नया जीवन दिया।
भीड़भाड़ के बीच हुआ हादसा
साल के पहले दिन महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण उज्जैन रेलवे स्टेशन खचाखच भरा हुआ था। प्लेटफार्म नंबर 6 पर शाम करीब पौने पांच बजे एक परिवार ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान परिवार के साथ मौजूद 30 वर्षीय देवीलाल पिता रामचंद्र, निवासी ब्यावरा जिला राजगढ़, अचानक गश खाकर गिर पड़े। पत्नी, मां और दादी के रोने से माहौल और भी भावुक हो गया, जबकि साथ आया बच्चा भी घबरा गया।
मौके पर पहुंचे प्रधान आरक्षक
घटना के समय प्लेटफार्म पर ड्यूटी दे रहे जीआरपी के प्रधान आरक्षक पवन धुर्वे वहां पहुंचे। उन्होंने तुरंत देवीलाल की नाड़ी और दिल की धड़कन जांची, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रधान आरक्षक ने बिना देर किए मौके पर ही सीपीआर देना शुरू किया।
सीपीआर से लौटी सांसें
करीब दस मिनट तक लगातार सीपीआर देने के बाद देवीलाल की सांसें लौट आईं और वह धीरे-धीरे होश में आ गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली। प्राथमिक सहायता के बाद प्रधान आरक्षक ने देवीलाल और उसके परिवार को सुरक्षित ट्रेन में बैठाकर रवाना किया।
इनाम के लिए विभाग को पत्र
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रधान आरक्षक पवन यात्री को सीपीआर देते हुए नजर आ रहा है और यात्री के परिजन घबराए दिख रहे हैं। इस दौरान कुछ लोग मिर्गी के दौरे आने की बात भी कर रहे है. घटना को लेकर जीआरपी टीआई अमित भावसार ने बताया कि आरक्षक ने तत्काल सीपीआर देकर यात्री की जान बचाई है। एसपी ने आरक्षक को सम्मान और पुरस्कृत करने के लिए विभाग को पत्र लिखा है।

More Stories
इंदौर वनडे से पहले महाकाल दरबार में लगाई विराट कोहली ने हाजिरी, कुलदीप यादव संग भस्म आरती में लिया हिस्सा!
पांच दिवसीय महाकाल महोत्सव शुरू, गायक शंकर महादेवन ने महाकाल के लिए दर्शन!
बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और शमिता शेट्टी ने महाकालेश्वर मंदिर में किए दर्शन!