V India News

Web News Channel

यूथ कांग्रेस का ‘चलो पंचायत अभियान’ उज्जैन से शुरू!

उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के बाद यूथ कांग्रेस ने आज चलो पंचायत अभियान की शुरुआत की। यह अभियान उज्जैन से शुरू होकर प्रदेश के प्रत्येक जिले में पहुंचेगा, जहां भाजपा सरकार की कथित विफलताओं को जनता के बीच रखा जाएगा। यह बात यूथ कांग्रेस के मध्य प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने अभियान के शुभारंभ के दौरान कही।

यश घनघोरिया ने कहा कि प्रदेश में अराजकता का माहौल है। वोट चोरी, मनरेगा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर जनता को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का उद्देश्य है कि युवा आवाज उठाएगा, हर अधूरा वादा याद दिलाएगा। इस दौरान युवाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद किया।

मीडिया से चर्चा करते हुए यश घनघोरिया ने कहा कि यूथ कांग्रेस आने वाले दिनों में कलेक्ट्रेट और नगर निगम का घेराव करेगी और हर जिले में सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कई वादे किए गए थे, लेकिन आज तक कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ। रोजगार के अभाव में युवा पलायन करने को मजबूर हैं और प्रतिदिन प्रदेश से करीब 40 महिलाएं लापता हो रही हैं, जिस पर सरकार का कोई ध्यान नहीं है।

मनरेगा से गांधी जी का नाम हटाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि गांधी जी का नाम और विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवेदनहीन हो चुकी है और अपनी सारी सीमाएं पार कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन गंभीर मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 62.75 लाख से अधिक युवा आज बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। लाडली बहना योजना के बाद लाडला भाई को सिर्फ धोखा मिला है। डबल इंजन सरकार ने वादे तो डबल किए लेकिन नौकरियों की रफ्तार शून्य रही।

उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में 10.46 लाख से ज्यादा ओबीसी युवा नौकरी की तलाश में हैं, क्या बेरोजगारी का सबसे बड़ा बोझ पिछड़े वर्गों पर ही डाला जा रहा है? 2023 के भाजपा घोषणा-पत्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि हर परिवार को कम से कम एक नौकरी देने का वादा किया गया था, लेकिन ढाई साल बीत जाने के बाद भी किसी परिवार को रोजगार नहीं मिला। बेरोजगार युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान 10 हजार रुपये मासिक भत्ता देने का वादा भी किया गया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। इस मौके पर अभियान प्रभारी स्वीटी पाटिल और उज्जैन जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।