V India News

Web News Channel

Ujjain: रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में कटा मिला कारोबारी का शव!

महाकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत लालपुल ब्रिज पर एक व्यक्ति का शव रेलवे पटरी पर दो टुकड़ों में कटा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव के दोनों हिस्सों को एकत्र कर चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष भिजवाया। कुछ देर पहले ही उक्त ट्रैक से मालगाड़ी गुजरने की जानकारी सामने आई है।

थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि मृतक की पहचान मुन्ना पिता गौरीशंकर कौशल के रूप में हुई है। वह पूर्व में लालपुल क्षेत्र में रहता था, जबकि वर्तमान में मक्सी रोड स्थित चकोर पार्क क्षेत्र में निवास कर रहा था। मृतक सेंटिंग का काम करता था और अलग-अलग इलाकों में उसकी साइट चल रही थी।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह मृतक का बेटा राहुल उन्हें नानाखेड़ा चौराहे तक छोड़कर गया था, जहां से मुन्ना को काला पत्थर क्षेत्र में स्थित साइट पर जाना था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तब परिजन चिंतित हुए। इसी बीच महाकाल थाना पुलिस ने लालपुल ब्रिज के पास रेलवे पटरी से दो हिस्सों में कटी लाश बरामद की। पहचान के लिए शव की तस्वीरें सोशल मीडिया ग्रुप्स में साझा की गईं, जिन्हें देखकर राहुल ने अपने पिता की पहचान की।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हादसा है या आत्महत्या। पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि मुन्ना रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।