साउथ अफ्रीका में आयोजित तैराकी UIPM वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मध्य प्रदेश के नीमच जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन किया है। अंडर-15 वर्ग में दुनिया भर के खिलाड़ियों के बीच नीमच के होनहारों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए पदक अपने नाम किए।
इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में सिद्धान्त गोपालसिंह जादोन और आयुष सुनील शर्मा ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत को गौरवान्वित किया, जबकि स्तुति डॉ. मनीष अग्रवाल और अस्मि मयंक कटारिया ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा आरव वीरेंद्र शर्मा, पृथ्वीराज गजेंद्रसिंह हरोड, मंदसौर के आरव नीलेश बाफना और केसुन्दा निम्बाहेड़ा की जिनिशा सुनील आंजना ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया।
वहीं नीमच की स्टार खिलाड़ी कनक श्री तेजप्रकाश धारवाल ने जापान में आयोजित एशियन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहले ही जिले को गौरवान्वित किया था। साउथ अफ्रीका से ऐतिहासिक सफलता के बाद नीमच शहर में खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य विजय जुलूस निकाला गया। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से नगर पालिका स्वीमिंग पूल परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। नीमच के इन खिलाड़ियों की यह उपलब्धि न केवल जिले बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गई है।

More Stories
जनसुनवाई में गरमाया माहौल: कलेक्टर और बिजली अधिकारियों के बीच हुई तीखी बहस!
मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: पुलिस में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर होगी शुरू!
तिरुमला में केश दान का नया कीर्तिमान, 27 दिनों में 12.43 लाख श्रद्धालुओं ने अर्पित किए बाल!