योग गुरु बाबा रामदेव आज उज्जैन पहुंचे और विश्वप्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने नंदी हॉल से भस्म आरती का दर्शन किया और पूरे समय “जय श्री महाकाल” और “ॐ नमः शिवाय” का जाप करते हुए भगवान महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए। आरती के पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर में पूजन-अर्चन कर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि बाबा रामदेव प्रातःकालीन भस्म आरती में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सत्कार अधिकारी अभिषेक शर्मा, सहायक प्रशासक हिमांशु कारपेन्टर और गिरीश तिवारी ने बाबा रामदेव का स्वागत व सम्मान किया।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने महाकाल मंदिर की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर पहली बार भगवान महाकाल के दर्शन कर वे अभिभूत हैं। उन्होंने योग को अच्छी आत्मा और पारमार्थिक शक्तियों का सबसे बड़ा केंद्र बताया और कहा कि महाकाल अकाल मृत्यु के भय को हरने वाले हैं तथा जीवन में अष्ट सिद्धि और नव निधियां प्रदान करते हैं। उन्होंने भगवान महाकाल से भारत माता की रक्षा और देश के उत्थान की प्रार्थना की।

More Stories
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एसडीएम लक्ष्मीनारायण गर्ग गंभीर घायल, गर्दन में चोट और आंख के ऊपर फ्रैक्चर
उज्ज्वला योजना में कथित फर्जीवाड़े के नाम पर रिश्वत, 20 हजार लेते एडीएम कार्यालय का बाबू गिरफ्तार
28 दिन बाद भी FIR नहीं होने पर आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन, पुलिस ने मजदूर चौराहे पर रोका