उज्जैन में सड़क पर जन्मदिन मनाने को लेकर रहवासियों और युवकों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान युवकों ने विरोध करने वालों के घर में घुसकर मारपीट की। सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
दरअसल शहर के कई इलाकों में सड़कों पर जन्मदिन मनाने की परंपरा शुरू हो गई है। देसाई नगर निवासी स्वयं त्रिपाठी भी अपना जन्मदिन मना रहा था। उसने डीजे की व्यवस्था की और अपने साथियों को बुलाया, जिससे सड़क पर शोर मच रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध किया, जिसमें जोगेंद्र सिंह गौड़ ने डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा। इस पर स्वयं और उसके साथी विवाद करने लगे।
बात बढ़ने पर जोगेंद्र ने पुलिस को बुला लिया लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्वयं और उसके साथी घर में घुस गए और हमला कर दिया। इसमें जोगेंद्र सिंह, विजय गौड़, रोहित गौड़, सुमित गौड़ और अंकित गौड़ घायल हो गए। माधव नगर पुलिस ने स्वयं त्रिपाठी, तरूण गिरी, राज मेहता और जग्गू पासी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एसपी प्रदीप शर्मा ने कहा कि तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और मुख्य आरोपी स्वयं तरुण पाटिल हमारी गिरफ्त में है। उपलब्ध वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। जो भी इस घटना में शामिल थे या जिन्होंने घर में प्रवेश कर हमला किया उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, किसी भी सार्वजनिक स्थान पर जन्मदिन अभद्रता या अश्लीलता के साथ नहीं मनाया जाएगा। यदि ऐसा किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
उज्जैन के व्यंग्यकार शशांक दुबे ‘वल्लभराम शर्मा आत्मकथा पुरस्कार’ से सम्मानित
वैदिक तिथि के अनुसार मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस, उज्जैन के बड़े गणेश मंदिर में 11 अगस्त को होगा आयोजन
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पारस जैन का निधन, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि!