V India News

Web News Channel

60 हजार का इनामी कुख्यात बदमाश आया उज्जैन पुलिस की गिरफ्त में, मप्र व राजस्थान में किये कई अपराध!

उज्जैन; दो साल से से फरार चल रहे उज्जैन के पास नागदा के 60 हजार रुपए के इनामी कुख्यात बदमाश सलमान लाला को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया। सलमान की तलाश में पुलिस टीम ने गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान सहित कई इलाकों में दबिश भी दी थी। लेकिन सलमान पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। सलमान के खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान के कई थानों में एक दर्जन से अधिक प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ मारपीट, फिरौती मांगने, प्राणघातक हमला, अवैध हथियार रखने सहित कई संगीन अपराध हैं।

उज्जैन पुलिस, क्राइम ब्रांच और मंडी थाने की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गुरुवार-शुक्रवार की देर रात घेराबंदी कर सलमान लाला पिता शेरू लाला निवासी राजीव कॉलोनी, नागदा को नागदा के समीप ग्रामीण इलाके से पकड़ा है। पिछले दो सालों से उज्जैन और बांसवाड़ा पुलिस सलमान लाला की तलाश कर रही थी। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि 60 हजार का इनामी बदमाश सलमान लाला ड्रग्स, अवैध हथियार जैसे कई केस में वांटेड था। कुख्यात आरोपी पर राजस्थान और मध्यप्रदेश पुलिस ने घोषित कर रखा था। नागदा का रहने वाला सलमान मूल रूप से प्रतापगढ़ राजस्थान का रहने वाला है।

तीन व्यापारियों से मांगी थी करोड़ों की फिरौती

31 दिसंबर 2022 को सलमान ने नागदा के सरकारी उर्दू स्कूल के परिसर में बार बालाओं को नचाया था। यहां अन्य क्षेत्र के बदमाश भी पहुंचे थे। मामले में हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया था। इस पर मंडी पुलिस ने 13 जनवरी 2023 को धारा 294 और 448 में प्रकरण दर्ज किया था। यह प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही सलमान फरार हो गया था। फरारी के दौरान उसने राजस्थान के बांसवाड़ा के कोतवाली और कलिंजरा थाना क्षेत्र में 20 से 22 फरवरी 2023 के मध्य तीन व्यापारियों से अलग-अलग 1 करोड़ रुपये, 50 लाख रुपये और 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं, बांसवाड़ा में एक व्यापारी की होटल डिजेंट के सामने फायर भी किए थे। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था। बांसवाड़ा पुलिस भी सलमान की तलाश में जुट गई थी।

नागदा में बनाया आलीशान मकान, दो बार गिराया

सलमान की गुंडागर्दी इतनी ज्यादा थी कि प्रशासन और पुलिस के लिए भी वह चुनौती बना हुआ था। नागदा की राजीव कॉलोनी में उसने अवैध रूप से आलीशान मकान बना लिया था। जिसे जुलाई 2020 में कार्रवाई कर ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद भी सलमान की जुर्रत इतनी थी कि उसने उसी प्लॉट पर दोबारा तीन मंजिला मकान बना लिया था। हालांकि, प्रशासन और पुलिस की टीम ने दोबारा कार्रवाई कर दूसरी बार उसके अवैध मकान को नेस्तनाबूद कर दिया।

व्यापारी पर कराया था हमला, लगे थे 16 चाकू

सलमान ने 19 जून 2019 को एक व्यापारी को धमकी दी थी। जब धमकी के बाद व्यापारी पुलिस को शिकायत कर लौट रहा था, तब उस पर सलमान ने अपने पंटरों से हमला करवाया था। इसमें व्यापारी को 16 चाकू लगे थे। इसके बाद से ही सलमान सुर्खियों में आया था। मंडी पुलिस ने 10 मई 2020 को सलमान को हथियारों के जखीरे के साथ गिरफ्तार किया था।

मध्यप्रदेश और राजस्थान की पुलिस ने घोषित किया था इनाम

नागदा मंडी थाने में केस दर्ज होने के बाद से ही सलमान फरार चल रहा था। एसपी ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। सलमान ने बांसवाड़ा में भी वारदातें की। इस पर एसपी उज्जैन ने इनाम की राशि को कुल 60 हजार रुपये कर दी थी।