तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने टी20 विश्व कप में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज की। भारत ने अफगानिस्तान को 47 रनों से हराया और सुपर आठ चरण के ग्रुप एक मैच में जीत दर्ज की। इस चरण में यह भारत का पहला मुकाबला था और टीम ने विजयी शुरुआत की। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में आठ विकेट पर 181 रन बनाए। जवाब में बुमराह और अर्शदीप ने तीन-तीन विकेट झटके जिसके दम पर भारत ने 20 ओवर में अफगानिस्तान को 134 रनों पर ढेर कर दिया।
अफगानिस्तान के लिए अजमातुल्लाह ओमरजई ने 20 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक 26 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में भी दमदार प्रदर्शन किया और स्कोर का बचाव करने में सफलता हासिल की। भारत का सामना अब शनिवार को बांग्लादेश से होगा। भारत सुपर आठ चरण के ग्रुप एक में दो अंक लेकर शीर्ष स्थान पर है।
सूर्यकुमार ने की कोहली की बराबरी
सूर्यकुमार ने अफगानिस्तान के खिलाफ 28 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 53 रन बनाए। सूर्यकुमार को उनकी इस पारी के दम पर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। यह 15वीं बार है जब टी20 में सूर्यकुमार को इस पुरस्कार से नवाजा गया है। सूर्यकुमार ने इसके साथ ही टी20 में सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली है। कोहली ने भी अपने टी20 करियर में इतनी ही बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता है।
बता दें यह टीम इंडिया की टी20 में लगातार आठवीं जीत रही है। भारत का यह जीत का सिलसिला दिसंबर 2023 से चला आ रहा है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारतीय टीम ने लगातार सबसे ज्यादा मैच नवंबर 2021 से लेकर फरवरी 2022 के बीच जीते हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने लगातार 12 टी20 मैच जीते थे। वहीं, जनवरी 2020 से लेकर दिसंबर 2020 के बीच भारतीय टीम ने लगातार नौ टी20 मैच जीते थे। रोहित शर्मा अगर अगले दो मैच जीतते हैं तो नौ मैचों को पीछे छोड़ देंगे। वहीं, अगर भारतीय टीम फाइनल भी जीतने में कामयाब रहती है तो लगातार 12 मैच जीतने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर लेगी।

More Stories
भारत के लिए आज करो या मरो का मैच, वेस्टइंडीज से निर्णायक मुकाबला ईडन गार्डन्स में!
भारत की शर्मनाक हार, ऑस्ट्रेलिया ने 2 विकेट से जीता दूसरा वनडे, सीरीज में अजय बढ़त!
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश की टीम; मुंबई ने जीता दूसरा ख़िताब!