उज्जैन में उन्हेल रोड पर शुक्रवार देर रात भीषण हादसा हो गया, जिसमें उज्जैन की ओर से जा रहे तेज गति अज्ञात वाहन ने एक्टिवा सवार युवक सहित बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। इसमें तीनों की मौके पर ही मौत हो गई और वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गए। घटना के बाद चालक वाहन सहित भाग निकला। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को अस्पताल भिजवाया, अभी तक तीनों की जान लेने वाले वाहन का पता नहीं चला है और बताया जा रहा है कि दुर्घटना करने वाला वाहन ट्रक हो सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही भैरवगढ़ थाने का पुलिस और अधिकारी मौके पर आ गए थे। मृतकों के शवों को अस्पताल लेकर आए। मृतकों के पास से मिले मोबाइल से एक्टिवा सवार की पहचान प्रदीप पिता कचरूलाल उम्र 22 साल निवासी गढ़ी भैंसोदा निवासी खाचरौद के रूप में हुई।
बाइक पर सवार दो लोगों की पहचान राजेश पिता सीताराम चौहान निवासी संकल्पपुर होशंगाबाद और विजय पिता दिनेश भूरिया निवासी इंदौर के रूप में हुई। दोनों फर्नीचर बनाने का काम करते थे और मंदसौर में सोफे बनाने गए थे, जहां से लौटते समय रात में हादसे के शिकार हो गए।
सूचना पाकर दोनों के परिवारजन भी इंदौर से उज्जैन आ गए थे। मृतक विजय के परिजनों ने बताया कि वह कक्षा 10वीं का छात्र था। आज सुबह तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम उनके परिजनों की मौजूदगी में कराया गया और शव उनके सुपुर्द कर दिए गए।

More Stories
15 अगस्त पर MP में मंत्रियों को मिली जिम्मेदारी, उज्जैन में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल करेंगे ध्वजारोहण, भोपाल में CM
सावन के दूसरे सोमवार पर महाकाल की भव्य सवारी, भगोरिया नृत्य ने मोहा मन
होमवर्क पूरा नहीं करने पर 10वीं के छात्र की पिटाई, डंडे और डस्टर से पीटने का आरोप