V India News

Web News Channel

यूपी; गर्भवती पत्नी पर दरोगा पति ने चलाईं सर्विस रिवाल्वर से 3 गोलियां!

यूपी; झांसी के बंगरा चौकी प्रभारी शशांक मिश्र ने घरेलू विवाद के चलते अपनी गर्भवती पत्नी पर सर्विस रिवाल्वर से गोलियां दाग दीं। दो गोली पत्नी के बाएं हाथ में जा धंसी। खून से लथपथ पत्नी ने पड़ोसी के यहां शरण लेकर किसी तरह जान बचाई। घायल पत्नी को मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया। यहां अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। जबकि दरोगा रिवाल्वर समेत फरार हो गया। हालांकि कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने आरोपी चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक दरोगा अपनी पत्नी शालिनी (28) के साथ पुलिस चौकी से थोड़ी दूर पर एक चिकित्सक के यहां किराए के मकान में रहते हैं। घायल शालिनी ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब 11.45 बजे चौकी प्रभारी शशांक मिश्र झांसी में अपनी मां से मिलकर बंगरा लौटे थे। आकर वह बिस्तर पर लेटकर मोबाइल चलाने लगे। यह देख उसने कहा वह गर्भवती है उसका हाल-चाल पूछने के बजाय मोबाइल चलाने लगे। उसने हल्के से शशांक की पीठ पर थपकी मार दी। इसी बात से शशांक नाराज हो गए।

कहने लगे तुमने मुझे मारा और मेज पर रखी सर्विस रिवाल्वर उसके ऊपर तान दी। जब तक वह कुछ समझ पाती, शशांक ने दनादन तीन फायर उसके ऊपर झोंक दिए। दो गोली दाएं हाथ में कोहनी से ऊपर लगीं जबकि एक गोली कंधे को छूते हुए पीछे निकल गई। गोली लगते ही शालिनी खून से लथपथ हो गई। जान बचाने को वह बाहर की ओर भागी और पड़ोस के घर में घुस गई। शशांक भी पीछे-पीछे रिवाल्वर लेकर पहुंच गया। यहां से शालिनी ने सबसे पहले अपने छोटे मामा को फोन करके घटना की जानकारी दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी जमा हो गए। पड़ोसियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर दरोगा से रिवाल्वर छीनी। इसके बाद आधी रात करीब 1:20 मिनट पर घायल शालिनी को पड़ोसी लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां शालिनी को आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया।