इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अब तक डेढ़ लाख से अधिक छात्र और युवाओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। हालांकि, कार्यक्रम की प्रशासनिक अनुमति और आयोजन स्थल को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है।
राहुल गांधी ने हाल ही में युवाओं और छात्रों के नाम वीडियो संदेश जारी कर उन्हें कार्यक्रम से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वे अलग-अलग शहरों में जाकर छात्रों और युवाओं से संवाद कर रहे हैं और उनकी समस्याओं, सुझावों तथा भविष्य से जुड़ी चिंताओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में 19 सितंबर को इंदौर में युवाओं से संवाद प्रस्तावित है।
राहुल गांधी ने युवाओं से अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करने की अपील करते हुए कहा कि साथ मिलकर फिर से उम्मीद लौटाई जाएगी।
अनुमति को लेकर कांग्रेस और प्रशासन आमने-सामने
कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक अनुमति का मुद्दा फिलहाल सबसे बड़ा पेंच बना हुआ है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी पिछले 11 दिनों से कार्यक्रम की अनुमति लेने की प्रक्रिया में जुटी है। कलेक्टर कार्यालय के साथ नगर निगम, पुलिस विभाग और विकास प्राधिकरण स्तर पर भी आवेदन और जरूरी प्रक्रियाएं चल रही हैं।
कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बावजूद कार्यक्रम तय समय पर आयोजित करने की तैयारी जारी है। वहीं प्रशासन का कहना है कि किसी भी बड़े आयोजन को अनुमति सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित वैधानिक प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए ही दी जाएगी।
नेहरू स्टेडियम के बाद रीजनल पार्क का विकल्प
कार्यक्रम के लिए प्रस्तावित स्थल को लेकर भी विवाद बना हुआ है। कांग्रेस ने पहले नेहरू स्टेडियम में आयोजन की तैयारी की थी, लेकिन नगर निगम की ओर से इसकी अनुमति निरस्त कर दी गई। इसके बाद रीजनल पार्क के समीप स्थित जमीन को वैकल्पिक स्थल के तौर पर सामने रखा गया है।
कांग्रेस नेताओं ने पूर्व में इसी तरह के आयोजनों का हवाला देते हुए नेहरू स्टेडियम की अनुमति निरस्त किए जाने पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है और इसके लिए पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान की जरूरत होगी।
पुलिस जांच के बाद होगा अंतिम फैसला
कलेक्टर शिवम वर्मा के मुताबिक कार्यक्रम को लेकर पुलिस विभाग में आवेदन प्राप्त होने के बाद सुरक्षा और अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार आयोजन की अनुमति पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
फिलहाल राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस तैयारियों में जुटी है, जबकि प्रशासनिक अनुमति और स्थल चयन को लेकर अंतिम स्थिति का इंतजार है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने के कांग्रेस के दावे के बीच अब सभी की नजरें प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी हैं।

More Stories
खड़े हनुमान मंदिर के समर्थन में उमा भारती ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र, बोलीं- आस्था और विकास में बने संतुलन
राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम टला, नेहरू स्टेडियम में अनुमति नहीं मिलने पर कांग्रेस ने सरकार पर लगाए आरोप
दतिया उपचुनाव की हार पर सख्त एक्शन: जिला भाजपा की पूरी टीम भंग!