उज्जैन शहर को जल्द ही एक अत्याधुनिक और विशाल ऑडिटोरियम की सौगात मिलने जा रही है। देवास रोड स्थित विक्रमादित्य विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित ‘गीता भवन’ का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। संभावना है कि बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस भव्य भवन का लोकार्पण करेंगे।
शनिवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने निर्माणाधीन गीता भवन का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि 29 जुलाई से पहले सभी शेष कार्य हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। इसके लिए 100 से अधिक कारीगर दिन-रात निर्माण कार्य में जुटे हुए हैं।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। वर्तमान में मुख्य प्रवेश द्वार पर पत्थर लगाने, मंच तैयार करने, ऑडिटोरियम में कुर्सियां लगाने, बैठने की व्यवस्था और अन्य फिनिशिंग कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि भवन समय पर पूरी तरह तैयार हो सके।
करीब 5.1 हेक्टेयर क्षेत्र में बने इस गीता भवन का भूमिपूजन 18 मार्च को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। भवन में 1,250 लोगों की बैठने की क्षमता वाला पूर्ण वातानुकूलित (एसी) ऑडिटोरियम तैयार किया गया है। इसके अलावा ग्रीन रूम, मल्टीपर्पज हॉल, प्रशासनिक कक्ष, लिफ्ट और चार अतिरिक्त कक्ष जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
गीता भवन में एक आधुनिक लाइब्रेरी भी स्थापित की जाएगी। इसे धार्मिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। भवन के शुरू होने के बाद उज्जैन में बड़े स्तर के आयोजन, सेमिनार, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सम्मेलन आयोजित करने के लिए एक आधुनिक मंच उपलब्ध होगा।

More Stories
प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने जीवित बेटी का किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार!
उज्जैन में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध घी और मावा जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
उज्जैन में दर्दनाक सड़क हादसा: कुत्ते को बचाने की कोशिश में पलटी कार, पति-पत्नी की मौत