V India News

Web News Channel

उज्जैन में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: संदिग्ध घी और मावा जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उज्जैन खाद्य सुरक्षा विभाग ने महिदपुर में दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध घी और मावा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 1.55 लाख रुपये मूल्य के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए। विभाग ने दोनों स्थानों से नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिए हैं।

पहली कार्रवाई महिदपुर के यशवंत मार्ग स्थित बाकलीवाल ट्रेडर्स पर की गई। विभाग को यहां संदिग्ध घी की बिक्री की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान टीम ने लगभग 280 किलोग्राम घी जब्त किया, जिसकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई गई है। यह घी बाजार में ‘मिल्क क्रीम’ नाम से करीब 360 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर बेचा जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसका निर्माण इंदौर के पालदा क्षेत्र में किया गया है। गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर घी के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।

इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने महिदपुर रोड स्थित रमेशचंद्र राजमल जैन मावा भंडार पर छापा मारा। यहां से करीब 198 किलोग्राम संदिग्ध मावा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये है। यह मावा लगभग 280 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से बेचा जा रहा था। विभाग ने यहां से भी नमूने लेकर प्रयोगशाला भेज दिए हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी बसंत शर्मा ने बताया कि जब्त किए गए घी और मावे की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर उनके नमूनों को सील कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद महिदपुर क्षेत्र के खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।