उज्जैन जिले में रविवार शाम गरोठ हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की जान चली गई। हादसा बड़ौत से करीब 10 किलोमीटर पहले उस समय हुआ, जब सड़क पर अचानक आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में कायथा निवासी जगदीश राठौर और उनकी पत्नी मनोरमा राठौर की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों छोटे बच्चे सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, तराना तहसील के कायथा गांव निवासी राठौर परिवार रविवार को भेरू महाराज के दर्शन और पूजन के लिए जा रहा था। रास्ते में अचानक एक कुत्ता सामने आ जाने पर चालक ने उसे बचाने के लिए कार मोड़ी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि जगदीश राठौर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी मनोरमा राठौर गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए उज्जैन ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच वयस्क और दो बच्चे शामिल थे। हादसे में दीपक राठौर समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए हैं, जिनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद कायथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

More Stories
पीएम मोदी के जन्मदिन पर उज्जैन में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे नितिन नवीन
उज्जैन में गणेश चतुर्थी पर गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे, सिद्धिविनायक को चढ़ा 5.51 लाख मोदकों का भोग
खाचरोद में ऑनलाइन ट्यूटर की नौकरी का झांसा, 28 वर्षीय युवती से ₹42 हजार की ठगी