उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता एवं निर्देशक मधुर भंडारकर सोमवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में सहभागिता कर विधिवत पूजा-अर्चना की। करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए और बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।
मधुर भंडारकर सोमवार तड़के लगभग तीन बजे इंदौर से उज्जैन पहुंचे। वे इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सीधे महाकाल मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचने के बाद उन्होंने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भस्म आरती में हिस्सा लिया।
भस्म आरती के उपरांत उन्होंने नंदी महाराज का पूजन एवं अभिषेक किया तथा परंपरा के अनुसार नंदी के कान में अपनी मनोकामना व्यक्त की। इसके बाद चांदी द्वार से पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दर्शन किए। मंदिर दर्शन के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने उनका स्वागत एवं सम्मान भी किया।
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मधुर भंडारकर ने कहा कि वे हर वर्ष भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आने का प्रयास करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार इंदौर में एक कार्यक्रम के सिलसिले में आए थे, इसलिए बाबा महाकाल के दरबार में भी हाजिरी लगाने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि “महाकाल के दर्शन कर हमेशा आत्मिक शांति और अलग ही खुशी का अनुभव होता है। मंदिर में युवा पीढ़ी को ‘बम-बम भोले’ के जयकारे लगाते देखना बेहद सुखद और प्रेरणादायक लगता है।”
गौरतलब है कि यह पहला अवसर नहीं है जब मधुर भंडारकर महाकाल मंदिर पहुंचे हों। इससे पहले भी वे कई बार उज्जैन आकर भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं और भस्म आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।

More Stories
जमानत का विरोध करने पहुंची महिला को कोर्ट परिसर में मिली जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
उज्जैन; खाचरौद में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं से मारपीट का आरोप; वीडियो आया सामने!
उज्जैन; बिना अनुमति निकाला जुलूस, तेज आवाज में डीजे बजाने पर आयोजक सहित अन्य पर मामला दर्ज!