उज्जैन। जिला न्यायालय परिसर में जमानत का विरोध करने पहुंची एक महिला ने आरोपी पक्ष पर जान से मारने की धमकी देने और भय का माहौल बनाने का आरोप लगाया है। मामले में महिला ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
पंड्याखेड़ी, मक्सी रोड निवासी रेखा तोमर के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपने देवर के साथ जिला न्यायालय पहुंची थीं। यहां एक आपराधिक मामले में आरोपी कान्हा दरबार की जमानत पर सुनवाई हो रही थी, जिसका वह विरोध करने पहुंची थीं।
रेखा का आरोप है कि कोर्ट परिसर में पहुंचते ही कान्हा दरबार, उसके पिता बल्लू दरबार तथा उनके साथ मौजूद 30 से 35 लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जमानत का विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने, मकान तोड़ने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। शिकायत में अश्लील भाषा का प्रयोग करने का आरोप भी लगाया गया है।
पहले हुए हमले से जुड़ा है मामला
रेखा तोमर ने अपनी शिकायत में बताया कि यह विवाद 23 जुलाई 2026 को उनके पति राजू सिंह दरबार पर हुए हमले से जुड़ा है। उनके अनुसार, उस दिन सुबह करीब 11:30 बजे राजू सिंह दरबार, जो महाकाल महंत की गाड़ी चलाते हैं, घर से अपनी गाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कान्हा दरबार वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कान्हा दरबार ने धारदार हथियार से राजू सिंह के गले पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उनके हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस मामले में थाना पंवासा पुलिस ने आरोपी कान्हा दरबार के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 118(1), 351(3) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले भी की थी शिकायत
रेखा तोमर का कहना है कि इससे पहले 17 जुलाई को भी उन्होंने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपी पक्ष पर घर में घुसकर तोड़फोड़, गाली-गलौज और उनका मंगलसूत्र तोड़ने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका परिवार भय के माहौल में रह रहा है।
पुलिस से कार्रवाई की मांग
रेखा तोमर ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर, भस्म आरती में हुए शामिल!
उज्जैन; खाचरौद में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिलाओं से मारपीट का आरोप; वीडियो आया सामने!
उज्जैन; बिना अनुमति निकाला जुलूस, तेज आवाज में डीजे बजाने पर आयोजक सहित अन्य पर मामला दर्ज!