उज्जैन। जिले की खाचरौद तहसील के भाटखेड़ी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में महिलाओं के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे पीड़ित पक्ष ने पुलिस को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना 25 जुलाई की दोपहर की है। उनका कहना है कि परिवार के सदस्य अपने खेत में खड़ी सोयाबीन की फसल की निंदाई कर रहे थे। इसी दौरान 20 से 25 लोग ट्रैक्टर और लाठी-डंडों के साथ खेत पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जबरन खेत में ट्रैक्टर चलाकर फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।
जब खेत में मौजूद महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने खेत खाली करने का दबाव बनाया और विरोध करने पर जान से मारने तथा जिंदा जलाने की धमकी भी दी।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में कुछ लोग आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक युवती अपनी जान बचाने के लिए खेतों के बीच भागती नजर आ रही है। पीड़ित परिवार का दावा है कि यह वीडियो उसी घटना का है और इसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराया गया है।
घटना के बाद राजू बाई, शांति बाई सहित पीड़ित परिवार की महिलाएं और ग्रामीण उज्जैन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। पुलिस उपलब्ध वीडियो, दोनों पक्षों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर, भस्म आरती में हुए शामिल!
जमानत का विरोध करने पहुंची महिला को कोर्ट परिसर में मिली जान से मारने की धमकी, एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
उज्जैन; बिना अनुमति निकाला जुलूस, तेज आवाज में डीजे बजाने पर आयोजक सहित अन्य पर मामला दर्ज!