उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से शहर में सनसनी फैल गई। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले टॉवर चौक पर एक युवक ने अचानक एक बुजुर्ग पर गोली चला दी। गोली लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दोपहर करीब तीन बजे की है। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी अनमोल ने बताया कि एक युवक तेज़ी से दौड़ता हुआ आया और बिना किसी विवाद या चेतावनी के सामने खड़े बुजुर्ग पर गोली चला दी। गोली लगते ही बुजुर्ग आशुतोष सोनी (पिता- छोगालाल सोनी), निवासी अब्दालपुरा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।
रेलवे ट्रैक के पास से आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने कुछ ही देर बाद आरोपी प्रभुलाल मालवीय, निवासी तराना, को रेलवे ट्रैक के पास से हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है।
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, लेकिन वह अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने गोली क्यों चलाई और उसके पास हथियार कैसे पहुंचा।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने टॉवर चौक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
व्यस्त बाजार में फायरिंग से फैली दहशत
टॉवर चौक उज्जैन के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और वे यह जानना चाहते हैं कि आरोपी के पास हथियार कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि आरोपी से पूछताछ के साथ उसके मानसिक स्वास्थ्य और हथियार के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

More Stories
महाकाल की सवारी के चलते उज्जैन शहर के स्कूल हर सोमवार रहेंगे बंद
बीकॉम परिणाम पर बवाल: 47 से अधिक छात्रों को शून्य अंक और सप्लीमेंट्री मिलने पर विक्रम विश्वविद्यालय में प्रदर्शन
नीट पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में उज्जैन में महापड़ाव जारी, पांच सूत्रीय मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी!