उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री महाकालेश्वर मंदिर के धनुष द्वार के समीप ड्यूटी से लौट रहे एक मंदिर सुरक्षाकर्मी पर तीन अज्ञात युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल सुरक्षाकर्मी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल सुरक्षाकर्मी आकाश राठौर ने अस्पताल में होश आने के बाद बताया कि शुक्रवार सुबह मंदिर परिसर के बाहर हार-फूल और प्रसाद बेचने वाले तीन युवकों को उन्होंने मंदिर द्वार के पास दुकान न लगाने की हिदायत दी थी। इस दौरान अतिक्रमण को लेकर कहासुनी भी हुई थी। आकाश के अनुसार, दोपहर में ड्यूटी समाप्त होने के बाद जैसे ही वह घर लौट रहा था, तभी उन्हीं युवकों ने रास्ते में घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर मौजूद अन्य सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने घायल आकाश को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और लगातार निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, सीएसपी दीपक सिंह मरावी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवकों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में शामिल श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे संवेदनशील और अत्यधिक सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में मुख्य प्रवेश द्वार के निकट सुरक्षाकर्मी पर हुए इस हमले ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाते हुए अतिरिक्त गश्त शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घायल सुरक्षाकर्मी के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
महाकाल की सवारी के चलते उज्जैन शहर के स्कूल हर सोमवार रहेंगे बंद
बीकॉम परिणाम पर बवाल: 47 से अधिक छात्रों को शून्य अंक और सप्लीमेंट्री मिलने पर विक्रम विश्वविद्यालय में प्रदर्शन
नीट पेपर लीक और छात्रों पर कार्रवाई के विरोध में उज्जैन में महापड़ाव जारी, पांच सूत्रीय मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी!