उज्जैन। नीलगंगा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने शनिवार देर रात खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुए विवाद में दो सगे भाइयों की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 11 बजे दरबार फूड रेस्टोरेंट के सामने पासी और गोरकर परिवार आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद लाठी, डंडे, तलवार और पत्थरों से हमला शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली लोकेश गोरकर को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में लोकेश के बड़े भाई जय गोरकर और चचेरे भाई तपन भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान जय ने भी दम तोड़ दिया। तपन का इलाज जारी है।
होली के विवाद से शुरू हुई थी दुश्मनी
एडिशनल एसपी गुरु प्रसाद पराशर ने बताया कि होली के दौरान एक महिला को लेकर पासी और गोरकर परिवार के बीच विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन दोनों परिवारों के बीच रंजिश खत्म नहीं हुई। उसी पुरानी दुश्मनी के चलते यह खूनी वारदात हुई।
मुख्य आरोपी एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया। मुख्य आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर नरेश पासी, लोकेश, राकेश, बंटी और मंजूबाई को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं सन्नी, रोशन और दुर्गेश की तलाश जारी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतकों के परिजनों के अनुसार, जय गोरकर की शादी दो वर्ष पहले हुई थी, जबकि लोकेश की शादी की बात चल रही थी। दोनों के पिता का पहले ही निधन हो चुका था। अब परिवार में केवल उनकी मां ही बची हैं। एक ही रात में दो बेटों की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

More Stories
उज्जैन में चेन स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश: दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार, सोने की चेन, चाकू और स्कूटी बरामद
उज्जैन: ग्रामीणों की सतर्कता से नाकाम हुई केबल चोरों की साजिश, दो आरोपी धराए, तीसरा फरार
24 घंटे में सुलझा अंधा कत्ल: दोस्त ही निकला लखन का हत्यारा!