उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में बुधवार सुबह चलित भस्म आरती के दौरान एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में प्रवेश करने का मामला सामने आया है। युवक कथित रूप से पंडित का वेश धारण कर श्रद्धालुओं की कतार में शामिल हुआ था, लेकिन पहचान को लेकर संदेह होने पर उसे रोक लिया गया।
जानकारी के अनुसार युवक माथे पर तिलक लगाए और गले में रुद्राक्ष की माला पहनकर भस्म आरती में शामिल होने की तैयारी में था। इसी दौरान मौजूद लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में उसकी पहचान पुणे निवासी सरफराज के रूप में होने का दावा किया गया।
बजरंग दल के जिला संयोजक ऋषभ कुशवाह ने आरोप लगाया कि युवक स्वयं को पंडित बताकर मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़कर महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वह उज्जैन किस उद्देश्य से आया था, उसके साथ किसी युवती के आने संबंधी आरोपों की सत्यता क्या है और मंदिर में प्रवेश का उसका मकसद क्या था, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
महाकाल थाना पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

More Stories
सामाकोटा बैराज के लोकार्पण से महिदपुर को मिली विकास की नई गति, मुख्यमंत्री ने दीं कई बड़ी सौगातें!
भैरवगढ़ जेल में 1000 कैदी करेंगे सामूहिक योग और प्राणायाम!
UPSC अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लगाए प्रताड़ना और धमकियों के आरोप