उज्जैन। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उज्जैन स्थित भैरवगढ़ केंद्रीय जेल में विशेष योग एवं प्राणायाम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में लगभग एक हजार कैदी एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का संदेश ग्रहण करेंगे।
जेल परिसर में आयोजित होने वाला यह विशेष सत्र सुबह 7:30 बजे से 9:00 बजे तक चलेगा। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन तथा बेहतर वृद्धावस्था” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक मार्गदर्शक कृष्ण गुरुजी कैदियों को योग और प्राणायाम के महत्व से अवगत कराएंगे। कृष्ण गुरुजी का कहना है कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मिक विकास और मानसिक शांति का भी प्रभावी साधन है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति में आत्मविश्वास बढ़ाता है और जीवन को संतुलित एवं सकारात्मक दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान कैदियों को स्वस्थ जीवनशैली, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और आत्मिक उन्नति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी दी जाएगी। जेल प्रशासन का मानना है कि योग कैदियों के पुनर्वास और मानसिक स्वास्थ्य सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
गौरतलब है कि कृष्ण गुरुजी पिछले कई वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों तक योग का संदेश पहुंचाने के लिए विशेष पहल करते रहे हैं। वे ट्रेन यात्रियों, कैलाश मानसरोवर यात्रियों, वंदे भारत ट्रेन के यात्रियों, ट्रांसजेंडर समुदाय, कुलियों, कुष्ठ रोगियों और अन्य उपेक्षित वर्गों के बीच भी योग जागरूकता अभियान चला चुके हैं।
इस वर्ष उनका लक्ष्य जेल में रह रहे कैदियों तक योग के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण का संदेश पहुंचाना है।

More Stories
सामाकोटा बैराज के लोकार्पण से महिदपुर को मिली विकास की नई गति, मुख्यमंत्री ने दीं कई बड़ी सौगातें!
महाकाल मंदिर में भेष बदलकर भस्म आरती में प्रवेश की कोशिश, युवक हिरासत में!
UPSC अभ्यर्थी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लगाए प्रताड़ना और धमकियों के आरोप