उज्जैन। शहर के पवासा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब एक युवती ने थाने के बाहर एक महिला पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके गले पर गहरे घाव आए हैं। चिकित्सकों ने महिला के गले में 12 टांके लगाए हैं और उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बजरंग नगर निवासी एक युवक का विवाह होने के बावजूद दूसरी युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। इसी संबंध को लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवती लगातार युवक और उसके परिवार पर दबाव बना रही थी, जिससे घर में तनाव का माहौल बना हुआ था।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर युवती युवक के घर पहुंच गई, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान परिवार के सदस्यों और एक छोटे बच्चे के साथ भी अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले से परेशान होकर परिवार शिकायत दर्ज कराने पवासा थाने पहुंचा।
इसी दौरान थाने के बाहर अचानक विवाद फिर भड़क गया। आरोप है कि युवती ने महिला पर ब्लेड से हमला कर दिया और उसके गले पर कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान हो गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल महिला को डायल-112 की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के गले पर गंभीर चोटें आई हैं और उपचार के दौरान 12 टांके लगाने पड़े।
पवासा थाना पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े थाने के बाहर हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और विवाद के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

More Stories
VIP गेट छोड़ आम भक्तों के साथ लाइन में लगे सांसद, आम भक्तों के साथ कतार में लगकर किए दर्शन!
शिप्रा तट पर बनेगी 151 फीट ऊंची श्रीकृष्ण प्रतिमा, महाकाल लोक के बाद उज्जैन को मिलेगी नई पहचान!
7 महीने बाद मिली लापता किशोरी, पचोर स्टेशन से बरामद; आरोपी गिरफ्तार