V India News

Web News Channel

उज्जैन में मौत को दावत! चलती कार की छत पर लेटा युवक, वीडियो वायरल!

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन से सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाला एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक किआ सेल्टोस कार तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ती नजर आ रही है, जबकि उसकी छत पर एक युवक लेटा हुआ दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो शुक्रवार सुबह करीब 4:41 बजे हरी फाटक अंडरब्रिज रोड का है। वीडियो में युवक को चलती कार की छत पर लेटे हुए देखा जा सकता है। इस दौरान जरा सी चूक या वाहन के अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्ष रूप से देखने वालों के अनुसार, कार सामान्य रूप से सड़क पर चल रही थी, लेकिन उसकी छत पर युवक का इस तरह लेटना न केवल उसकी जान के लिए खतरा था, बल्कि अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी जोखिम पैदा कर सकता था।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार की छत पर लेटा युवक कौन था और वह किस परिस्थिति में वहां मौजूद था। यह भी जानकारी सामने नहीं आई है कि मामला किसी खतरनाक स्टंट का था या फिर युवक किसी अन्य कारण से कार की छत पर लेटा हुआ था।

मामले में अभी तक किसी प्रकार की आधिकारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने यातायात नियमों की अनदेखी और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

अब निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान कर नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल यह वीडियो शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।