V India News

Web News Channel

MP के नागौद राजघराने में खूनी खेल, दूसरी पत्नी ने पहली को मारी गोली!

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी गुरुवार को उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठी, जब पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ ‘बाबा राजा’ की दो पत्नियों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पत्नी ने लाइसेंसी बंदूक से दूसरी पत्नी पर फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, रूपेंद्र सिंह और उनकी पत्नी योगिता सिंह के बीच काफी समय से पारिवारिक मतभेद चल रहे थे। इसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से योगिता सिंह अपने परिजनों के साथ दो दिन पहले परसमनिया गढ़ी पहुंची थीं। गुरुवार दोपहर बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल तनावपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान दूसरी पत्नी सुनीता सिंह ने 22 बोर की लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि कई राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली योगिता सिंह के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए सतना से रीवा रेफर किया। रीवा के एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने आपात सर्जरी कर पेट में फंसी गोली को बाहर निकाला। फिलहाल योगिता सिंह आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घायल महिला के मायके पक्ष ने इस घटना को सुनियोजित हमला बताते हुए रूपेंद्र सिंह और उनकी दूसरी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पारिवारिक और संपत्ति संबंधी विवाद के चलते यह घटना हुई है।

हाई-प्रोफाइल मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर परसमनिया गढ़ी में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला सुनीता सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक और संपत्ति विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।