कटनी। मध्य प्रदेश में रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रीवा-भोपाल एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक परिवार के साथ बड़ी झपटमारी की घटना सामने आई है। कटनी रेलवे स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद एक नकाबपोश बदमाश ने महिला यात्री का पर्स छीन लिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। पर्स में लाखों रुपये के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, रीवा निवासी रामदत्त पाठक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गाड़ी संख्या 22146 रीवा-भोपाल एक्सप्रेस से भोपाल जा रहे थे। रात के समय ट्रेन कटनी स्टेशन से निकलकर आउटर क्षेत्र में पहुंची ही थी कि एक अज्ञात युवक अचानक आरक्षित कोच में घुस आया। महिला यात्री उस समय सो रही थी और उसका पर्स सिरहाने रखा हुआ था। आरोपी ने मौका देखकर पर्स झपट लिया और ट्रेन से नीचे कूदकर अंधेरे में फरार हो गया।
घटना का पता चलते ही कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया और ट्रेन की चेन भी खींची, लेकिन तब तक बदमाश काफी दूर निकल चुका था।
पीड़ित परिवार के अनुसार, पर्स में सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, करीब 15 हजार रुपये नकद और जरूरी दस्तावेज रखे थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना रेलवे अधिकारियों और जीआरपी को दी गई। ट्रेन के जबलपुर पहुंचने पर पीड़ित की शिकायत दर्ज की गई, जिसके बाद मामला कटनी जीआरपी को जांच के लिए भेजा गया। पुलिस रेलवे स्टेशन और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में किसी सक्रिय झपटमार गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना के बाद यात्रियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि आरक्षित डिब्बों में भी यदि अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

More Stories
इंदौर में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी पर विरोध, एफआईआर की मांग!
इंदौर जिला कोर्ट में फर्जी वकील होने के शक में युवक गिरफ्तार, बार एसोसिएशन के औचक निरीक्षण में खुला मामला
भोपाल में किसानों का आंदोलन समाप्त, सरकार ने 60% मूंग खरीदी और ई-टोकन व्यवस्था में बदलाव का किया ऐलान!