उज्जैन। थाना पवासा पुलिस ने सात महीने से लापता एक नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने किशोरी को राजगढ़ जिले के पचोर रेलवे स्टेशन के पास से खोज निकाला, जबकि मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी 2025 को एक महिला ने थाना पवासा में अपनी 16 वर्षीय बेटी के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 21 फरवरी की रात वह अपनी दोनों बेटियों के साथ गलपुरा स्थित रिश्तेदार के घर रुकी हुई थी। रात करीब 9 बजे किशोरी बाथरूम जाने की बात कहकर नीचे गई, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, मगर उसका कोई पता नहीं चला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी गमर सिंह मण्डलोई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र की मदद से लगातार जांच जारी रखी। कई जिलों में तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की और संदिग्ध युवक पचोर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में देखे गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार्रवाई की और किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं मौके से आरोपी सागर उर्फ रामसागर केवट (23) निवासी गोपालपुर, सारंगपुर, जिला राजगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच और किशोरी के बयान के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ के लिए रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, जबकि पीड़िता की काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
थाना प्रभारी गमर सिंह मण्डलोई ने बताया कि महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों के मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन पुलिस द्वारा ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता एवं अपहृत बच्चों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2025 में अब तक 40 से अधिक नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया जा चुका है और यह अभियान लगातार जारी है।

More Stories
VIP गेट छोड़ आम भक्तों के साथ लाइन में लगे सांसद, आम भक्तों के साथ कतार में लगकर किए दर्शन!
शिप्रा तट पर बनेगी 151 फीट ऊंची श्रीकृष्ण प्रतिमा, महाकाल लोक के बाद उज्जैन को मिलेगी नई पहचान!
उज्जैन में पत्नी ने महिला सहकर्मी के साथ पति को पकड़ा, रेस्टोरेंट के बाहर हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा, वीडियो वायरल!