रीवा। विंध्य अंचल के लिए सोमवार की शाम गौरव और सम्मान से भरी रही। जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के डेल्ही गांव निवासी सेना के जवान संजय तिवारी को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के प्रतिष्ठित वीरता पुरस्कार शौर्य चक्र से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान दिखाई गई अदम्य वीरता और साहस के लिए प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार 2 नवंबर 2024 को श्रीनगर के खानयार थाना क्षेत्र स्थित ठग मोहल्ला में एक विदेशी आतंकवादी के छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस अभियान में सिपाही संजय तिवारी अपनी टीम के साथ अग्रिम मोर्चे पर तैनात थे।
तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादी ने सुरक्षा बलों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए संजय तिवारी ने मोर्चा संभाला और रणनीतिक तरीके से आतंकवादी को घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान आतंकवादी द्वारा फेंके गए ग्रेनेड से पूरा इलाका धुएं और मलबे से भर गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी स्थिति नहीं छोड़ी।
मुठभेड़ के दौरान संजय तिवारी के घुटने, गर्दन और पेट के निचले हिस्से में गोली लगी, फिर भी उन्होंने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए जवाबी फायरिंग जारी रखी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने एक मिनट से भी कम समय में आतंकवादी को ढेर कर दिया। बाद में मारे गए आतंकवादी की पहचान प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर उस्मान लाहौरी के रूप में हुई।
संजय तिवारी उस विशेष आक्रामक दल का हिस्सा थे, जिसे आतंकवादी के ठिकाने में प्रवेश कर अभियान को अंजाम देने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अभियान के दौरान उन्होंने कैटरपिलर मूवमेंट, लीपफ्रॉग और फायर एंड मूव जैसी आधुनिक सैन्य तकनीकों का प्रभावी उपयोग किया, जिससे ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया जा सका।
संजय तिवारी को मिले इस सम्मान से उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पिता संस्कृत लाल तिवारी, माता गायत्री तिवारी, पत्नी नीलम तिवारी, भाई संदीप और विवेक तिवारी सहित गांव के लोगों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संजय तिवारी ने अपने साहस और पराक्रम से न केवल परिवार, बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

More Stories
पेंशन के दस्तावेज बनाने के बदले मांगी रिश्वत, लोकायुक्त ने बाबू को रंगे हाथों दबोचा!
मंडला में आरक्षक ने सरकारी आवास में लगाई फांसी, सुसाइड नोट मिलने से जांच तेज!
भिंड: गोहद उपजेल की दीवार फांदकर फरार हुआ पॉक्सो आरोपी, पुलिस ने शुरू की तलाश!