मध्य प्रदेश के भिंड जिले स्थित गोहद उपजेल से सोमवार को एक बंदी के फरार होने का मामला सामने आया है। कैदी के जेल से भागने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमों को सक्रिय किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरार बंदी की पहचान अनिल गोयल के रूप में हुई है, जो पॉक्सो एक्ट और एक किशोरी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि उपजेल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही बांस-बल्ली का सहारा लेकर जेल की दीवार पार कर ली और मौके से फरार हो गया।
जेल प्रशासन को घटना की जानकारी तत्काल नहीं लग सकी। शाम के समय बंदियों की नियमित गिनती के दौरान एक कैदी के गायब होने का पता चला, जिसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू की और पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, अनिल गोयल 20 नवंबर 2025 से गोहद उपजेल में निरुद्ध था। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
मामले में एसडीओपी महेंद्र गौतम ने बताया कि फरार बंदी की तलाश के लिए गोहद, गोहद चौराहा और मौ थाना पुलिस की विशेष टीमों को लगाया गया है। आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

More Stories
पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता चेतराम मानेकर का निधन, ब्रेन ट्यूमर से थे पीड़ित; सीएम मोहन यादव ने जताया शोक
रीवा में किराए को लेकर महिला और ऑटो चालक में विवाद, चौराहे पर चप्पलों से की पिटाई; वीडियो वायरल
सिविल जज बनीं, लेकिन नौकरी छोड़ चुना वैराग्य का रास्ता, 22 नवंबर को लेंगी जैन दीक्षा