V India News

Web News Channel

महाकाल दर्शन के लिए निकली महिला की सड़क हादसे में मौत, परिवार में शोक!

उज्जैन। बाबा महाकाल के दर्शन की इच्छा लेकर उज्जैन आ रही एक महिला की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इंदौर-उज्जैन रोड पर हुआ, जहां बाइक से यात्रा कर रही महिला अचानक दुर्घटना का शिकार हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय राजकुमारी साहू मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर की रहने वाली थीं। वह कुछ दिनों से इंदौर में अपनी बहन के घर आई हुई थीं। शनिवार सुबह वह अपने भतीजे रितिक साहू के साथ बाइक से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन रवाना हुई थीं।

बताया जा रहा है कि इंदौर रोड स्थित टोल नाके के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे पीछे बैठी राजकुमारी साहू सड़क पर गिर गईं। गिरने के दौरान उनका सिर डिवाइडर से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

हादसे के समय पीछे दूसरी गाड़ी से आ रहे उनके दामाद ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में बाइक चला रहे भतीजे को कोई चोट नहीं आई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

महाकाल दर्शन की आस लेकर घर से निकली राजकुमारी साहू की अचानक हुई मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है।