V India News

Web News Channel

भोपाल में युवती पर चाकू से हमला, बचाने पहुंची बहन भी हुई घायल; आरोपी फरार!

भोपाल। राजधानी भोपाल के शंकर नगर क्षेत्र में एक युवती पर चाकू से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवक ने बीच सड़क पर युवती पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में युवती की बहन भी घायल हुई है, जो उसे बचाने के लिए आगे आई थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम हुई इस घटना में आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।

बहन पर भी किया हमला

बताया जा रहा है कि जब घायल युवती की बहन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी, तो आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में बहन के चेहरे पर चोट आई और उसका गाल कट गया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवती पर हमला करता दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

भीड़ जुटते ही मौके से भागा आरोपी

स्थानीय लोगों के एकत्र होने और विरोध की आशंका को देखते हुए आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।